कासगंज। जिले में गन्ना की फसल के सर्वे का प्रदर्शन रविवार से शुरू होगा। यह आयोजन 40 दिन चलेगा। ग्रामवार सर्वे के आंकड़ों की प्रदर्शनी 30 अगस्त तक होगी। विभाग के माध्यम से जारी आंकड़ों का परीक्षण करने के बाद त्रुटि में संशोधन कराया जा सकेगा। जिला गन्ना अधिकारी ओम प्रकाश ने बताया कि गन्ना विकास परिषद न्यौली 20 जुलाई से 30 अगस्त तक ग्रामवार सर्वे/सट्टा प्रदर्शन करेगी। जिससे किसान अपनी फसल के आंकड़े का परीक्षण कर सकेंगे। प्रदर्शन के दौरान मोबाइल नंबर, बैंक खाता, बेसिक कोटा, गन्ना किस्म व कुल कृषि योग्य भूमि एवं अन्य गन्ना कृषक बांड से संबंधित आंकड़ों का परीक्षण किया जा सकेगा। यदि आंकड़े में कोई त्रुटि होगी तो उसके संशोधन के लिए गन्ना पर्यवेक्षक को अभिलेख एवं प्रार्थना पत्र देना होगा। मौके पर ही त्रुटियों का संशोधन किया जाएगा। प्रदर्शन कार्य पूर्ण हो जाने के उपरांत गन्ना सर्वेक्षण आंकड़ों में कोई संशोधन नहीं होगा। जिन किसानों ने अभी तक गन्ना सर्वेक्षण के संंबंध में घोषणा पत्र नहीं भरा है वे अनिवार्य रूप से वेबसाइट पर अपलोड कर दें। जो किसान घोषणापत्र नहीं भरेंगे उनका पेराई सत्र 2024-25 हेतु सट्टा संचालित किया जाना संभव नहीं होगा। गन्ना सर्वेक्षण संबंधी ट्रांसफर एंट्री बिना भू-राजस्व अभिलेखों के संशोधित नहीं की जाएगी। किसान गन्ना समिति के नये सदस्य बनने और उपज बढ़ोत्तरी करने के इच्छुक कृषक 30 सितंबर, 2024 तक आवेदन कर सकेंगे। नया सदस्य बनने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रपत्रों के साथ संबंधित गन्ना पर्यवेक्षक से सत्यापन कराना होगा। सत्यापन के उपरांत चार दिन के भीतर कार्यालय में 221 रुपये शुल्क जमा कर रसीद प्राप्त की जा सकेगी।