कासगंज। कोरोना को लेकर जिला अस्पताल प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। तैयारियों की श्रृंखला में जिला अस्पताल में 36 बेड का वार्ड तैयार किया गया है। कोरोना संक्रमित मरीज मिलने पर वार्ड में भर्ती करके मरीज का इलाज किया जाएगा। पड़ोसी जनपद बदायूं में कोरेाना के पांच केस मिलने के बाद जिले में सतर्कता बढ़ाई गई है। बुखार, निमोनिया पीडि़तों के एंटीजन टेस्ट किए गए हैं, लेकिन अभी तक कोई भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला है।शासन की गाइडलाइन आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता शुरू कर दी है। डीएम सुधा वर्मा एवं सीएमओ डॉ. राजीव अग्रवाल के निर्देश पर जिला चिकित्सालय में कोरोना वार्ड तैयार कर दिया गया है। ऑक्सीजन प्लांट के मेंटीनेंस का काम किया गया है। वार्ड में ऑक्सीजन की आपूर्ति संचालित है। अब आरटीपीसीआर लैब भी शुरू हो जाएगी। जिला अस्पताल के अलावा अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर भी कोरोना की जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सीएमओ ने सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मास्क लगाने को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि जब चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मास्क लगाएंगे तभी जिला अस्पताल में आने वाले मरीज व उनके तीमारदार भी मास्क लगाने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने सामाजिक दूरी का पालन करने और सेनेटाइजर का प्रयोग करने के भी निर्देश दिए हैं।