वृंदावन (मथुरा)। वृंदावन, मसानी और छटीकरा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं पर बिजली विभाग का 20 करोड़ का राजस्व बकाया है। विभाग की तमाम कोशिशों के बाद भी हजारों उपभोक्ता बकाया जमा करने में रुचि नहीं ले रहे हैं। विभागीय टीम ऐसे उपभोक्ताओं के घर-घर दस्तक दे रही है।
वृंदावन शहरी, मथुरा मसानी और छटीकरा ग्रामीण क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 52 हजार विद्युत उपभोक्ता हैं। इनमें 16 हजार उपभोक्ताओं ने काफी समय से बिजली का बिल जमा नहीं किया है। विद्युत विभाग के एक्सईएन कुलदीप कुलश्रेष्ठ के अनुसार उपभोक्ताओं पर विभाग का लगभग 20 करोड़ रुपया बकाया है। वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले अधिक से अधिक बकाया वसूली करने का लक्ष्य रखा गया है।
वृंदावन, मसानी और छटीकरा के 677 ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन पर विद्युत विभाग का 16 करोड़ बकाया है। विभाग पहले चरण में अभियान चलाकर इन उपभोक्ताओं से वसूली करने जा रहा है। एक लाख और इससे अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित करने के लिए अभियान अंतर्गत मंगलवार को वृंदावन और मसानी क्षेत्र के 40 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए।