मथुरा। मंडी रामदास की दो गलियों में दो दिन से पानी की किल्लत चल रही है। पानी के पाइप बदलने के लिए गली की खुदाई कर दी गई है लेकिन पाइप नहीं डाले जा रहे हैं। इसके चलते गली के करीब 200 लोगों को पेयजल नहीं मिल पा रहा है।
करीब डेढ़ माह पूर्व गली मनोहर लाल और इससे जुड़ी गली में पानी की पाइप लाइन लीकेज करने लगी थी। जिससे इन गलियों में रहने वाले लोगों के घरों में पानी रिसने लगा। इसके बाद सुनील अग्रवाल, चांदनी शेख और नाईस सारस्वत आदि के घरों में दरार पड़ गईं। इससे कई लोगों ने घरों से पलायन कर दिया। दो सप्ताह पूर्व जलनिगमकर्मी गली में पाइप डालने को आए। उनके द्वारा पानी की पाइप को बंद कर दिया गया साथ ही पाइप डालने के लिए गली मनोहर लाल की सड़क को खोद डाला गया।
मंगलवार तक यहां पर पानी की पाइप नहीं डाली जा सकीं। परेशान लोगों ने कई दफा जल निगम के अधिकारियों से मांग भी की। इस संबंध में सुनील अग्रवाल ने बताया कि सभी लोग पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस गए हैं। वार्ड 56 की पार्षद मीरा अग्रवाल ने बताया कि मजदूर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों में लगे हुए थे इसके चलते काम नहीं हो सका। अब जल्द हो जाएगा।