मथुरा। छाता पुलिस ने तीन अंतर्राज्यीय लुटेरे पकड़े हैं। इनके कब्जे से 1.25 लाख रुपये, बाइकें और हथियार बरामद किए हैं। अपाचे सवार लुटेरे छाता में दो और कोसीकलां में एक लूट की वारदात कर चुके हैं। लुटेरे दिल्ली की तिहाड़ और हरियाणा की जेलों से कुछ दिन पहले ही छूटकर आए हैं।
दो फरवरी को गिन्नी फैक्ट्री के समीप से बाइक लूट, 12 फरवरी को पशु व्यापारी से दौताना के समीप तीन लाख की लूट और कोसीकलां में 90 हजार रुपये की लूट की वारदात का खुलासा छाता पुलिस ने कर दिया है। इन लूटों में शामिल तीन लुटेरों को दबोचा है। पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात आदित्य शुक्ला ने बताया कि छाता कोतवाल प्रमोद पवार और एसएसआई छोटे लाल ने छाता के सींग थोक निवासी वीरेंद्र उर्फ वीरू, रोहताश और पुरानी तहसील छाता निवासी संदीप को गिरफ्तार किया है।
लूट की वारदातों में रोहताश तिहाड़ और मथुरा जेल में रहा है। वीरेंद्र हत्या, लूट के सात मुकदमों में डेढ़ साल हरियाणा की जेल में रहा है। एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने पुलिस टीम को पुरस्कृत किया है।