मथुरा। दुष्कर्म और छेड़छाड़ की पीड़िता शनिवार को बयान देने नहीं पहुंच सकी। अब रविवार को पीड़िता एसपी क्राइम के यहां बयान के लिए पेश होगी। उधर, मामले में एसपी क्राइम ने आधा दर्जन लोगों के बयान लिए हैं। एसपी क्राइम अपनी जांच रिपोर्ट रविवार की शाम एसएसपी को सौंपेंगे। थाना गोविंदनगर की बिड़ला मंदिर चौकी के सिपाही पर एक युवती ने शुक्रवार को छेड़छाड़ और दुष्कर्म का आरोप लगाया था। यह युवती एसएसपी स्वप्निल ममगाई के सामने पेश हुई थी। एसएसपी ने सिपाही को लाइन हाजिर करते हुए मामले की जांच एसपी क्राइम को सौंपी थी। दो दिन में यह जांच रिपोर्ट पेश करने के आदेश भी दिए थे। दुष्कर्म और छेड़छाड़ में फंसे सिपाही से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया था। शनिवार को एसपी क्राइम राजेश सोनकर ने आधा दर्जन लोगों के बयान लिए गए हैं। पुलिस सूत्रों की माने तो यह बयान युवती के खिलाफ दिए गए हैं। एसपी क्राइम राजेश सोनकर का कहना है कि युवती को बुलाया गया था। पर परिस्थितिवश पीड़िता बयान देने नहीं आ सकी। रविवार को बयान लेकर सायं एसएसपी को अपनी जांच रिपोर्ट सौंप देंगे।