कासगंज। जिले में बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। बच्चे बुजुर्ग सभी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ लगी रही। इसमें 310 मरीज बुखार से पीड़ित रहे। इनमें बच्चों की संख्या अच्छी खासी रही। सांस, डायरिया सहित अन्य बीमारियों के मरीज भी जिला अस्पताल में पहुंचे। हालांकि चिकित्सकों की कमी से मरीजों को काफी दिक्कतें हुईं।
जिले में कई दिन से मौसम का मिजाज बार-बार बदल रहा है। कभी धूप खिल रही है तो कभी बारिश होने लगती है। इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर देखा जा रहा है। जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ पहुंचने लगी। कोई बुखार से पीड़ित होकर पहुंचा तो कोई सांस में दिक्कत लेकर। पेट दर्द, डायरिया की शिकायत लेकर भी मरीज आए। अभिभावक अपने बच्चों को लेकर भी जिला अस्पताल पहुंचे।
ओपीडी बंद होने तक 1372 मरीज अस्पताल आए। जिससे पर्चा काउंटर पर लंबी लाइन लगी रही। मरीजों को पर्चा बनवाने में काफी समय लग गया। 310 मरीज बुखार से पीड़ित होकर पहुंचे, जिसमें 141 बच्चे शामिल रहे। 89 मरीजों ने सांस की समस्या बताई। जिसमें 28 बच्चे शामिल रहे। 26 मरीज डायरिया से पीड़ित होकर पहुंचे। चर्म रोग के 30 मरीज आए, लेकिन जिला अस्पताल में चिकित्सकों की कमी से मरीजों को काफी परेशानी हुई। अस्पताल में 34 चिकित्सकों के सापेक्ष इस समय 13 चिकित्सक ही तैनात हैं।
एडवाइजरी
- बारिश के पानी में भीगने से बचें
- बासी एवं खुला भोजन न करें प्रयोग
- बाजार के कटे फल व खुली खाद्य सामग्री का खाने से करें परहेज
- पानी को उबाल कर ठंडा करने के बाद पीएं
मौसम का मिजाज इस समय बदल रहा है। इस मौसम में सावधानी आवश्यक है। लापरवाही सेहत पर असर डाल सकती है। दिक्कत होने पर चिकित्सक को दिखाकर ही दवा लें। - डॉ. संजीव सक्सेना, सीएमएस