कासगंज। बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए शिक्षकों के डाटा लॉक करने का काम अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अब तक 700 शिक्षकों का डाटा लॉक हो चुका है। इसमें 31 शिक्षक अंतरजनपदीय स्थानांतरण की दौड़ से बाहर हो चुके हैं। जिले से 777 शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए अपने आवेदन किए हैं। इन शिक्षकों के आवेदन के सत्यापन के साथ डाटा लॉक करने का काम तेजी से चल रहा है। स्थानांतरण के लिए शासन से मानक निर्धारित हैं। इसके लिए नंबर निर्धारित किए गए है। शिक्षकों के डाटा लॉक करते समय निर्धारित मानकों को भी चेक किया जा रहा है। अब तक जिन शिक्षकों के डाटा लॉक हुए हैं उनमें 31 शिक्षक मानकों को पूरा नहीं कर सके हैं, जिससे उनका आवेदन निरस्त हो गया है। अभी 77 शिक्षकों का डाटा लॉक होने से रह गया है। ऐसे में आवेदन निरस्त होने वाले शिक्षकों की संख्या बढ़ सकती है। बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को दोपहर 2 बजे तक डाटा लॉक करने का समय निर्धारित है। निर्धारित समय तक डाटा लॉक करने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।