फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर 60 लाख की ठगी करने वाले गिरोह के 3 बदमाश गिरफ्तार

Thu, 19 Jun 2025 11:29 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
मैनपुरी। मशहूर हस्तियों (सेलिब्रिटीज) की फोटो लगाकर ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों को ठगने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के 34 बैंक खाते सीज कर पुलिस ने 7 मोबाइल फोन, 5 डेबिट कार्ड व एक लैपटॉप बरामद किया है। इसके अलावा करीब 40 अन्य बैंक खाते चिह्नित कर उनमें मौजूद धनराशि फ्रीज कराई गई है। पकड़े गए आरोपी शिवम यादव व अंकुश यादव निवासी नगला नरिया, थाना जसवंत नगर, इटावा और अरुण यादव निवासी अंगौथा, सदर कोतवाली, मैनपुरी हैं। यह गिरोह देश के कई राज्यों में सक्रिय था और लोगों से 60 लाख रुपये ठग चुका है। उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, केरल और जम्मू-कश्मीर में इस गिरोह के खिलाफ 11 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक (नगर) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार रात साइबर थाना पुलिस को सूचना मिली कि तीन अपराधी पुलिस लाइन के पास मौजूद हैं। इस सूचना पर दबिश देकर तीनों को पकड़ा गया। गैंग के अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ऑनलाइन बिना पंजीकरण वाले मोबाइल गेम जैसे तीन पत्ती, एविएटर, बैट 69 आदि पर सेलेब्रिटी की तस्वीरें लगाकर अपने लिंक जोड़ देते थे। उपभोक्ता इन लिंक्स पर क्लिक कर गेम खेलना शुरू कर देते थे। शुरुआत में जब कम रुपये लगाए जाते थे तो गेम जिताया जाता था लेकिन जैसे ही खिलाड़ी अधिक रुपये लगाते थे तो उन्हें हरा दिया जाता था और उनकी रकम ठग ली जाती थी। शिवम और अरुण यादव लोगों के बैंक खाते खुलवाने का काम करते थे। वहीं, अंकुश नोएडा में एक फ्लैट से ऑनलाइन गेम के जरिए ठगी का धंधा चलाता था। पुलिस ने जानकारी दी कि ये लोग पिछले दो साल से ठगी का काम कर रहे थे। एक खाताधारक, थाना कोतवाली के पंजाबी काॅलोनी निवासी राम दुलारे शर्मा ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं। उनकी मुलाकात अरुण से हुई और उसने गुमराह कर खाता खुलवाया। इस खाते का इस्तेमाल ठगी के पैसे निकालने के लिए किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें