युवक से तमंचे के बल पर 29300 रुपये लूटे
- बदमाशों ने बाइक पर बैठा कर दिया वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुसमरा। चौकी क्षेत्र में स्थित एक बैंक से रुपये निकाल कर घर जा रहे युवक को बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने पर बैठा लिया। रास्ते में तमंचे के बल पर 29300 रुपये की नकदी लूट कर भाग गए। घटना के संबंध में चौकी पर शिकायत दी गई। हालांकि पुलिस ने घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही है।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव नगला भज्ज निवासी राजू सिंह सोमवार की दोपहर चौकी क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा से रुपये निकालने आए थे। रुपये निकालने के बाद वह घर जा रहे थे। तभी रास्ते में पीछे से आए एक बाइक सवार ने रुक कर सौंरिख जाने का रास्ता पूछा। रास्ते बताने पर राजू से कहा कि वह बाइक पर बैठ जाएं। वह उन्हें आगे तक छोड़ देगा। राजू बाइक पर बैठ गया, कुछ दूर चलने के बाद बाइक सवार का एक साथी भी पीछे बैठ गया। बाइक सवारों ने जवापुर के पास सुनसान जगह देख कर बाइक को रोक दिया। राजू जब तक कुछ समझ पाता, एक बदमाश ने तमंचा तान दिया और बैग में रखी 29300 रुपये की नकदी लूट कर कुसमरा की ओर भाग गए। पीड़ित की ओर से चौकी पर तहरीर दी गई। प्रभारी निरीक्षक थाना किशनी अनिल सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में नहीं है। अगर घटना हुई है तो जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।