मथुरा। जिले में टीबी के मरीजों की बढ़ती संख्या भयावह हालत की ओर इशारा कर रही है। पिछले दो माह के दौरान करीब चार हजार नए मरीज सामने आए हैं। यह संख्या अब तक के मरीजों की सर्वाधिक है। इस स्थिति में स्वास्थ्यकर्मी टीबी के मरीजों को घर-घर पहुंचकर ढूंढ रहे हैं।
पिछले कुछ सालों के आंकड़ों को देखें तो जनपद में अधिकतम टीबी के मरीज 3500 से 4000 तक सामने आए हैं। लेकिन, पिछले दो माह में साल भर का यह रिकार्ड तोड़ दिया है। सिर्फ जनवरी और फरवरी के दौरान ही करीब 4000 मरीज नए निकल कर आए हैं। इसमें 600 मरीज सरकारी चिकित्सालयों में पंजीकृत हुए हैं, जबकि 900 मरीज प्राईवेट अस्पतालों में पंजीकृत हैं। इनके अलावा दो से ढाई हजार ऐसे भी मरीज हैं जो पंजीकृत नहीं हैं।
टीबी के मरीजों को ढूंढने का अभियान भी 24 फरवरी से 10 मार्च तक संचालित हुआ है। इसके तहत स्वास्थ्य कर्मियों ने 59 हजार घरों में दस्तक दी है। इसमें 2.87 लाख लोगों से टीबी के लक्षणों की जानकारी ली। इसमें से 2673 ने जांच के लिए नमूने भेजे हैं। इसमें 110 टीबी के मरीज पाए गए।
पीएम की समिट में जाएंगे मथुरा के डॉक्टर
मथुरा। 13 मार्च को दिल्ली में आयोजित होने जा रही एंडटीबी समिट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। इसमें शामिल होने के लिए मथुरा से जिला क्षय रोग अधिकारी डा. रवींद्र कुमार गुप्ता और उप जिला क्षय रोग अधिकारी डा. आलोक कुमार जा रहे हैं।