मथुरा। अमर कालोनी डबल मर्डर की जांच में जुटी एसआईटी (स्पेशल इंवेस्टीगेशन टीम) ने छह लोगों को उठाया है। इनमें एक वादी तो दूसरा बाबरिया बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है। पुलिस के हाथ अभी तक कुछ खास हाथ नहीं लगा है। थाना हाईवे की अमर कालोनी में आठ मार्च की रात बनवारी और उनकी पत्नी रविबाला को सिर पर वार करके मौत के घाट उतार दिया गया था। हत्यारे दो लाख की डकैती को अंजाम देकर बड़े आसानी से निकल गए थे। सात महीने से अधिक होने पर पुलिस इस हत्याकांड को खोलने में नाकाम रही। इससे क्षुब्ध होकर मृतक की बड़ी बेटी राखी ने आत्महत्या कर ली। हो-हल्ला मचा तो एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने एसआईटी गठित कर दी। 15 सदस्यीय एसआईटी ने छङ लोगों को उठाया है। सूत्रों की माने तो पुलिस दो दिन से इन सभी से पूछताछ कर रही है पर कोई महत्वपूर्ण सुराग हाथ नहीं लगा है। एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह का कहना है हत्याकांड का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।