मथुरा। होली पर सड़क हादसे में पांच की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। मौत की खबर से घरों में होली की खुशियां गमी में बदल गईं। थाना गोविंदनगर, बरसाना, बलदेव और मगोर्रा थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया।
मल्लपुरा (आगरा) के गांव बरारा निवासी पप्पू (34) अपने पिता कैलाशी की ननिहाल बलदेव के गांव बरौली आया था। पिता-पुत्र शुक्रवार की दोपहर अपने गांव बाइक से लौट रहे थे। पिता-पुत्र बाइक से थाना बलदेव के गांव मगना तिराहे पर पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार बलदेव के गांव मगना निवासी संदीप पुत्र नंद कुमार ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। पुलिस ने घायल पिता को आगरा के एसएन मेडिकल हास्पिटल में भर्ती कराया।
थाना बरसाना के गांव करहैला निवासी राकेश (24) पुत्र भिक्कीराम फरीदाबाद में नौकरी करते थे। होली पर वे गांव आए थे। शनिवार को दोस्त के साथ ससुराल अडींग जा रहे थे। वह गांव डाहरौली के समीप पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दोस्त धर्मेंद्र घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना गोविंदनगर के जयसिंहपुरा निवासी बबलू (40) पुत्र अकबर टेंपो चालक था। टेपोें चालक मथुरा-वृंदावन के केएमबी होटल के समीप पहुंचा ही था कि टेंपो की टक्कर से चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टेंपो को कब्जे में लिया। अन्य दुर्घटना थाना मगोर्रा के बाबा कढ़ेरा सिंह स्कूल के समीप हुई। बाइकों की आमने-सामने भिडंत में वृंदावन कोतवाली के गांव भदाल निवासी गुड्डू (22) पुत्र छिद्दी सिंह की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा चाचा सोहन घायल हो गया। युवक अपनी ससुराल जा रहा था। त्योहार पर मौत की खबर सुन कर घरों में कोहराम मच गया। होली की खुशियां गमी में तब्दील हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम को भिजवाया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।