वृंदावन (मथुरा)। वृंदावन के प्राचीन केशीघाट की स्थिति जर्जर हो रही है। इस प्राचीन घाट पर दरारें बढ़ गईं हैं, और पत्थर अपने स्थान को छोड़कर गिर रहे हैं। मंगलवार को केशीघाट के एक गेट पर बना प्राचीन मेहराब का बड़ा पत्थर अचानक टूटकर गिरा गया। पत्थर के टूटकर गिरने से इस प्राचीन घाट के भविष्य पर भी खतरा मंडराने लगा है। वृंदावन के प्राचीन घाट का सौंदर्य विश्व में विख्यात है, लेकिन देख-रेख के अभाव में प्राचीन केशीघाट पर खतरा मंडरा रहा है। भरतपुर के राजा सूरजमल की रानी लक्ष्मी के द्वारा 1760 में केशीघाट का निर्माण करवाया गया था। केशीघाट के पत्थरों के साथ साथ सीढ़ियों में भारी दरारें हैं। मेहराब अपने स्थान से टूट रहे हैं। मंगलवार शाम केशीघाट के एक दरवाजे के ऊपर का मेहराब टूटकर जमीन पर गिर गया। अध्येयता डा. राजेश शर्मा ने कहा कि इस प्राचीन धरोहर केशीघाट को पुरातत्व विभाग को अपने संरक्षण में लेकर रख-रखाव करना चाहिए।