मथुरा। दिवाली से पहले आगरा के खटवाई गांव में पेड़ से लटके मिले प्रेमी-प्रेमिका के शव की खबर से थाना महावन के एक गांव में कोहराम मच गया। दोनों परिवारों के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में सन्नाटा था। खबर मिलने के बाद हर कोई युवक-युवती के घर की तरफ दौड़ा। सभी यह जानने को उत्सुक थे कि आखिर मौत कैसे हुई। युवक और युवती के परिजन आगरा की रुनकता चौकी पहुंचे। ग्रामीणों की मानें तो युवक-युवती में काफी समय से प्रेम संबंध चल रहे थे। इसके चलते मंगलवार की तड़के ही दोनों गांव से फरार हो गए थे। आखिर आगरा के खटवाई गांव में दोनों के शव पेड़ से लटके मिलने पर हर कोई सन्न रह गया। दबी जुबान तो ग्रामीण सीधा ऑनर किलिंग की बात कर रहे हैं, लेकिन कोई भी इस बारे में खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। ग्रामीणों का यहां तक भी कहना है कि यदि घर से भागे प्रेमी-प्रेमिका आखिर खुदकुशी तो नहीं करेंगे। युवक और युवती की मौत से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।