एटा। गल्ला व्यापारी से लूट करने वाले बदमाशों को बोलेरो पर फर्जी नंबर प्लेट लगवाना मंहगा पड़ गया। पुलिस ने बोलेरो पर लगी नंबर प्लेट को लेकर कस्बे में पेंटर की तलाश की। यहां पुलिस को लूट का सुराग लगा। एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए प्रयुक्त बोलेरो को बदमाशों ने 16 अप्रैल को मैनपुरी से चोरी की थी। लूट की घटना को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने बोलेरो पर नई फर्जी नंबर प्लेट अलीगंज के एक पेंटर से तैयार कराई। बोलेरो को पुलिस ने घटना के दिन देर शाम मैनपुरी में लावारिस हालात में बरामद की थी। बरामद बोलेरो पर लगी नंबर प्लेट को लेकर पुलिस को हाल फिलहाल ही नंबर प्लेट तैयार कराए जाने का शक हुआ। पुलिस ने कस्बा अलीगंज में पेंटर से संपर्क कियाख् जहां से पुलिस को घटना से जुडे़ सबूत हाथ लग गए। इसके बाद पुलिस ने अलीगंज, जैथरा, कोतवाली देहात, स्वाट टीम, सर्विलांस टीम ने एक साथ बदमाशों की तलाश शुरू की।