मथुरा। महानगर में जाम के झाम को खत्म करने के लिए मैराथन मंथन हुआ। पुलिस और व्यापारी साथ-साथ बैठे और रेंगते ट्रैफिक को रफ्तार देने के लिए प्लान बना। तय हुआ कि बाजारों में ई-रिक्शा और आटो प्रतिबंधित किए जाएं। बाजारों में ट्रैफिक वनवे होगा। यह व्यवस्था नवरात्र (18 मार्च) से शुरू हो जाएगी।
शहर की लड़खड़ाई ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए गुरुवार को पुलिस लाइन में मंथन चला। व्यापारियों ने कहा कि जाम के चलते बाजारों में ग्राहक कम आते हैं। कई जगह तो इतना भीषण जाम रहता है कि कारोबार भी आधा रह गया है। ई-रिक्शा और आटो को जाम की सबसे बड़ी वजह बताया गया।
चार पहिया वाहनों का बाजार के भीतर तक पहुंचना भी सबसे दुखदायी बनता है। दोपहर को स्कूली वाहन भी जाम लगा देते हैं। इस पर तय हुआ कि शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में ई-रिक्शा और आटो पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिए जाएं। जाम वाले प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती भी की जाएगी। यातायात एसपी डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि 18 मार्च नवरात्र से इस ट्रैफिक प्लान को लागू कर दिया जाएगा।
जाम से निपटने को यह तय हुआ
ई-रिक्शा और आटो बाजारों में नहीं जाएंगे, चार पहिया वाहनों को भी प्रतिबंधित किया जाएगा, विकास मार्केट-भरतपुरगेट से आगे नहीं आएंगे ई-रिक्शा, बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था वनवे की जाएगी, सड़क किनारे खड़े वाहन भी जब्त किए जाएंगे, सड़कों के किनारे ठेले और ढकेल नहीं लगेंगे, दुकानों के बाहर फैले सामान को जब्त किया जाएगा।