वृंदावन (मथुरा)। रंगनाथ मंदिर के ब्रह्मोत्सव के अंतर्गत रविवार शाम ठाकुर गोदारंगमन्नार ने भक्तों के साथ होली खेली। होली के इस आयोजन से संपूर्ण वातावरण होलीमय हो गया। भक्तों में ठाकुरजी के प्रसाद रूपी रंग और गुलाल को लेने की होड़ रही। इसी के साथ वृंदावन में चले 40 दिवसीय होली महोत्सव का भी समापन हो गया।
रविवार की शाम करीब चार बजे मंदिर प्रांगण से ठाकुर गोदारंगमन्नार कांच के विमान में विराजमान होकर भक्तों के साथ होली खेलने के लिए मंदिर से निकले। इससे पहले ही ठाकुर जी के होली खेलने के लिए निकलने वाले मार्ग पर भक्तों का तांता लग गया। मंदिर से निकाली गई शोभायात्रा में रंगजी का बगीचा जाते और लौटते हुए ठाकुरजी ने श्रद्धालुओं के साथ गुलाल और रंगों की होली खेली।
होली महोत्सव में सेवायतों द्वारा चांदी की पिचकारियों से ठा. गोदारंगमन्नार का प्रसादी रंग भक्तों पर डाला जा रहा था। हजारों भक्त होली के रंग में सराबोर हो अपने को कृतार्थ मान रहे थे। बताया जाता है कि होली खेलने के बाद ठाकुर रंगमन्नार, माता गोदा को होली का फहुआ भी देते हैं। फहुआ में विभिन्न प्रकार के व्यंजन एवं सुहाग-श्रृंगार का सामान दिया जाता है। फहुआ की सवारी देर सायं मंदिर परिसर से निकाली गई।