मथुरा। इलाहाबाद में अपने पिता की अस्थियां विसर्जित करने के बाद वृंदावन आ रहे उड़ीसा के युवक के दो लाख रुपये लुट गए। युवक ने बताया कि वह वाराणसी से आगरा और आगरा से मथुरा तक बस में ही आया है। वारदात कहां हुई इसकी जानकारी नहीं है। जब मथुरा बस अड्डे पर पैसे निकालने के लिए बैग खोला तो दो लाख का कैश गायब था। उड़ीसा के उमरकोट निवासी चिन्मय पंडा के पिता विजय पंडा का 10 दिन पूर्व निधन हो गया था। पिता की अस्थियां इलाहाबाद में विसर्जित करने के लिए चिन्मय अपनी मां जयंती पंडा और मौसा शरद महापात्र के साथ पहुंचा। यहां अस्थियां विसर्जन करने के बाद युवक अपनी मां और मौसा के साथ बनारस के लिए निकला। यहां दर्शन के बाद तीनों सोमवार की रात आगरा आईएसबीटी बस अड्डे पहुंचे। बस अड्डे से मथुरा की बस पकड़कर मंगलवार की सुबह बस अड्डे पर आए। यहां बैग चेक किया तो उसमें रखे दो लाख रुपये न पाकर वह दंग रह गया। बस अड्डे पर खड़े सिपाहियों को बताया। सिपाहियों ने आगरा में मुकद्दमा दर्ज कराने की बात कही। युवक ने अमर उजाला को बताया कि दो लाख रुपये बनारस और आगरा के मध्य पार हुए हैं। युवक ने बताया कि आगरा जाकर वह अपनी रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। कोतवाली प्रभारी शिवप्रताप सिंह का कहना है कि कोई पीड़ित उनके पास नहीं आया।