फिरोजाबाद जनपद के एक मोहल्ले से एक युवक, युवती को बहला-फुसलाकर ले गया। इसके साथ ही उसने युवती से शादी रचा ली। जानकारी होने पर परिजन उससे मिलने पहुंचे तो युवक के परिजनों ने जान से मारने की धमकी दे डाली। युवती के परिजनों ने अनहोनी की आशंका पर मामला दर्ज कराया है।
सुभाष चौराहे स्थित सरस्वती नगर निवासी 19 वर्षीय एक युवती विगत 25 फरवरी को अचानक लापता हो गई थी। परिजनों को जानकारी मिली उसे सौरभ निवासी सब्जी मंडी पुलिया नए बस स्टैंड के पास से एक युवक इटावा बहला-फुसलाकर ले गया है।
इतना ही नहीं उसने उससे जबरन आर्य समाज मंदिर में शादी भी कर ली है। एक सप्ताह पूर्व जब वह बेटी से मिलने इटावा गए तो आरोपी युवक के परिजनों ने उन्हें नहीं मिलने दिया। दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भगा दिया। परिजनों का कहना है कि बेटी का फोन लगातार बंद जा रहा है। परिजनों ने मामला दर्ज कराया।