वृंदावन (मथुरा)। वार्ड नंबर 70 के गोविंद बाग क्षेत्र में पिछले एक माह में लगातार हो रही बंदरों की मौत अब जांच का विषय बन गई है। जहां पार्षद ने अधिक गर्मी को इसका जिम्मेदार ठहराया है वहीं शिकायतकर्ता ने बंदरों के आतंक से मुक्ति के लिए उन्हें विषाक्त देकर मारने की आशंका जताई है। सोमवार रात को भी एक बंदर की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
गोविंद बाग में बंदरों के मरने की सूचना अब जोर पकड़ने लगी है। बंदरों की मौत लोगों को आश्चर्यचकित करने वाली है। पिछले 15 दिन में ही 12 से अधिक बंदर मौत का शिकार हुए हैं। वृंदावन का यही एकमात्र ऐसा इलाका है जहां से ऐसी सूचनाएं मिल रहीं हैं। स्थानीय लोग भी इस स्थिति को समझ नहीं पा रहे हैं। यही कारण है कि पार्षद के अलावा लोगों ने भी बंदरों की मौत के रहस्य से पर्दा उठाने के लिए जांच कराने की मांग की है।