वृंदावन (मथुरा)। तीर्थनगरी में अलग-अलग समुदाय के युवक-युवती के विवाह से आक्रोशित युवती के परिजनों ने शुक्रवार की दोपहर बैंक में घुसकर दोनों का अपहरण करने का प्रयास किया।
थाना वृंदावन के एक गांव निवासी युवक ने 18 जनवरी को एक दूसरे समुदाय की युवती के साथ विवाह किया था। विवाह के बाद से ही युवती के परिजन शादी के खिलाफ चल रहे थे। पति-पत्नी का आरोप है कि 23 फरवरी को दोनों छटीकरा मार्ग स्थित प्रेम मंदिर के सामने पंजाब नेशनल बैंक में फिक्स डिपॉजिट कराने गए थे।
उसी समय युवती के पिता, मां, बहन और जीजा सहित करीब 10 लोग बैंक में घुस गए और दोनों के साथ मारपीट करते हुए उन्हें खींचकर अपने साथ ले जाने लगे। गनीमत रही कि बैंक पर तैनात सुरक्षाकर्मी ने बैंक का शटर गिराकर स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बामुश्किल दोनों को बचाया। पीड़ित पति-पत्नी ने आरोपी लोगों के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।