नौहझील/बाजना (मथुरा)। धारदार हथियार से प्रहार कर डिप्लोमा इंजीनियर की हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को घर से 100 मीटर दूर नौहरे पर भुस की बुर्जी में छुपा दिया गया। भुस लेने गई महिला ने खून से लथपथ शव देखा तो चौंक पड़ी। सूचना पर पहुंची नौहझील पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के गले और शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे अवैध संबंधों के चलते की गई हत्या मानकर चल रही है।
थाना नौहझील के गांव कौलाना निवासी हरेंद्र उर्फ मौसम (23) पुत्र जगदीश इंजीनियरिंग का डिप्लोमा करने के बाद नोएडा में नौकरी कर रहा था। गांव में निर्माणधीन प्लाट के चलते पिता का हाथ बंटाने आया मौसम शनिवार की दोपहर एक बजे प्लाट से घर जाने के लिए निकला था लेकिन मौसम न तो घर पहुंचा और न ही प्लाट पर लौटा। इसके बाद घर से 100 मीटर दूर नौहरे पर भुस की बुर्जी में युवक का शव देखकर गांव की एक महिला चौंक पड़ी। भुस लेने गई महिला की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण भी आ गए। शव की पहचान मौसम के रूप में की गई। शव मिलने की खबर पर कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची नौहझील पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के पिता जगदीश की तहरीर पर पड़ोसी पूर्व प्रधान बने सिंह के बेटे टेकचंद और उसकी पत्नी रजनी और दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थाना पुलिस ने टेकचंद को हिरासत में लिया है। नौहझील प्रभारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि सिर में धारदार हथियार से प्रहार मौसम की हत्या की गई है। शरीर और गले पर भी चोट के निशान मिले हैं।