मथुरा। यम द्वितीया के लिए एक बार फिर यमुना को गंगा जल के सहारे की आवश्यकता है। पिछले दिनों राल ड्रेन के सीधे यमुना में समाहित होने से यहां पानी गंदा हो गया है। शहर के नालों का यही दौर रहा तो यम द्वितीया स्नान के लिए अतिरिक्त जल की आवश्यकता होगी। कलक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दौरान श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने यमुना में गिर रहे नालों को लेकर चिंता जाहिर की। खासकर पिछले दिनों राल ड्रेन के सीधे यमुना में गिरने से यम द्वितीया के दौरान होने वाली परेशानियों को उन्होंने एडीएम वित्त के समक्ष रखा। एडीएम रवींद्र कुमार ने सिंचाई अधिकारियों को इस पर तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार को औद्योगिक इकाइयों से निकल रहे पानी के नमूने लेने की कार्रवाई के आदेश दिए। नगर निगम को मेला की व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए।