राधाकुंड (मथुरा)। गोवर्धन में गांव मुखराई के युवक की दिल्ली में निर्मम हत्या से ग्रामीणों में उबाल है। शनिवार को गांव मुखराई में हुई पंचायत में हत्यारोपियों को समाज से बहिष्कार करने का एलान किया गया है। पीड़ित और हत्यारोपी दोनों ही गांव मुखराई के है। थाना गोवर्धन के गांव मुखराई के युवक चंद्रशेखर पुत्र रमेशचंद को तीन दिन पूर्व दिल्ली बुलाकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस हत्या का आरोप मुखराई के लखन दुबे पुत्र नंदकिशोर और उसकी पत्नी कमलेश पर लगा था। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को गांव में पंचायत बुलाई। इस पंचायत में हत्यारोपी परिवार का सामाजिक बहिष्कार और लेन-देन न करने का निर्णय लिया गया। इससे पूर्व दिल्ली से आए युवक के शव का अंतिम संस्कार किया गया। पंचायत में ग्राम प्रधान मुकेश बघेल, पूर्व प्रधान मानपाल चौधरी, भूतपूर्व प्रधान भगवत स्वरुप, निरोती मुखिया, राधेश्याम मुखिया, इंदर, भिक्कन, गोकलेश, ओमी, जगदीश, नारायण, हरीमोहन, सुरेश, बिहारी लाल, रामदत्त गौड़, लीला चौधरी, ओमप्रकाश, प्रदीप, कांता, छगन लाल, भूपेंद्र चौधरी शामिल रहे।