पटियाली। ग्राम नगला सहजन में चिकिनपॉक्स के पीड़ितों की जांच को पहुंची टीम को तमंचे के बल पर दौड़ा दिया। पुलिस को आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई है।
ग्राम नगला सहजन में चिकिन पॉक्स फैलने की खबर अमर उजाला ने 5 जून को प्रकाशित की। इस खबर के प्रकाशित होने के बाद चिकित्साधीक्षक डॉक्टर कुलदीप सिंह ने गुरुवार को एक टीम मरीजों की जांच के लिए गांव में भेज दी। डॉ. हेमंत कुमार, डॉ. श्रद्धा रजक के नेतृत्व में पहुंची टीम ने गांव में मरीजों का परीक्षण कर दवा का वितरण किया। टीम जब गांव के ही केशव यादव पुत्र महेंद्र सिंह के पुत्र रोहित की जांच को पहुंची तो टीम के लोग उसके घर के बाहर पड़ी चारपाई पर बैठ गए। इसी बात पर केशव भड़क गया और टीम के सदस्यों के साथ जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने लगा और चारपाई से उठा दिया। इसके बाद उसने बाइक की डिग्गी में रखा तमंचा निकाल कर तान दिया। तमंचा ताने जाने पर टीम के सदस्यों के हाथ पांव फूल गए। ग्रामीणों की मदद से टीम ने गांव से बाहर भाग कर अपनी जान बचाई। टीम ने विभाग के उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। मामले की तहरीर आरोपी को नामजद करते हुए पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर की जांच कराकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।