मथुरा। दिल्ली से ग्वालियर जा रहे युवक का मथुरा जंक्शन पर ट्रेन की चपेट में आने से पैर कट गया। युवक ट्रेन से स्टेशन पर बीड़ी खरीदने उतरा था। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के थाना सतनवाड़ा के गांव चिनौरा निवासी सुशील कुमार (28) दिल्ली में मजदूरी करता था। रविवार सुबह ग्वालियर जाने को पैसेंजर ट्रेन में सवार हुआ। सुबह 11 बजे ट्रेन मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म एक पर रुकी तो सुशील कुमार बीड़ी खरीदने प्लेटफार्म एक उतरा। वह बीड़ी की खोज में दुकानों पर दौड़ता रहा, इसी दौरान ट्रेन चल दी। बोगी में चढ़ने के दौरान सुशील का पैर फिसल गया और प्लेटफार्म व बोगी के स्लीपर की चपेट में आ गया। इससे सुशील के पैर की एड़ी कट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरपीएफ के लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।