सात स्कूलों को नोटिस. 17 के बाद दर्ज होगी एफआईआर
- निर्देशों के बाद भी नहीं दी सूचनाएं, परीक्षा एप भी डाउनलोड नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
एटा। निर्देशों को धता बता रहे जिले के साथ माध्यमिक विद्यालयों द्वारा परीक्षा एप पर जानकारी अपलोड न कराने पर डीआईओएस ने सात स्कूलों को नोटिस जारी किए हैं। 17 अगस्त के बाद इनकी छात्र संख्या शून्य दर्शाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। दो माह बाद भी जिले के सात विद्यालयों ने बोर्ड द्वारा मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई हैं और न ही बोर्ड परीक्षा एप डाउनलोड किया है। ऐसे में विभागीय वेबसाइट पर यह विद्यालय प्रदर्शित नहीं हो रहे। मामले से नाराज जिला विद्यालय निरीक्षक एसपी यादव ने संस्था संचालकों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि 17 अगस्त के बाद इन संस्थाओं की छात्र संख्या शून्य दर्शाकर इनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। चिन्हित संस्थाओं में सभी स्व वित्तपोषित संस्थाएं हैं। इनमें श्री मेवाराम दीक्षित इंटर कालेज शेखूपुरा, गेंदालाल उ.मा.वि. लालपुर बिचपुरी, श्रीमती सरोज उ.मा.वि. कनिकपुर, अभय नंदन उ.मा.वि. रारपट्टी, शहीद श्री सुखदेव सिंह बालिका उ.मा.वि. खरसुलिया, श्री निवास अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर जलेसर एवं सर एएमयू उ.मा.वि नगला कंचन शामिल हैं। बता दें कि जिले में संचालित 547 विद्यालयों में 18 राजकीय, 54 ऐडड एवं शेष स्व वित्तपोषित संस्थाएं हैं।