कासगंज। होली पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन अब सक्रिय हो गया है। बुधवार को बाजार में पहुंची टीम बिक रही रंगीन कचरी के नमूने एकत्र किए। वहीं दूषित कचरी को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की। टीम के द्वारा 150 किलोग्राम रंगीन कचरी जब्त की गई। वहीं कई दुकानों से कचरी का नमूना संग्रहित किया गया।
मिठाई विक्रेता की दुकान से 4 किलोग्राम मिठाई नष्ट कराई गई। मुख्य खाद्य निरीक्षक अवधेश पाराशर ने टीम के साथ यह कार्रवाई की। होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है। होली पर काफी मिलावटी सामान की बिक्री बाजारों में होती है। जिसके चलते कार्रवाई का क्रम जारी है। मुख्य खाद्य निरीक्षक ने बताया कि रंगीन कचरी का नमूना तीन दुकानों से एकत्रित किया गया है। 150 किलोग्राम रंगीन कचरी जब्त की है एवं दूषित मिठाई नष्ट कराई गई है। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे मिलावटी खाद्य सामान की बिक्री न करें।