मैनपुरी/भोगांव। कृषि रक्षा अधिकारी के नेतृत्व में बुधवार को जिलेभर में कीटनाशक की बिक्री करने वाली दुकानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कीटनाशक के 15 नमूने भी लिए गए। गड़बड़ी मिलने पर आठ विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
जिले में बुधवार को कृषि रक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 42 दुकानों की चेकिंग की गई। इस दौरान कीटनाशक के 15 नमूने लिए गए। गड़बड़ी मिलने पर आठ विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। वहीं एक विक्रेता को कारण बताओ नोटिस तथा एक दुकान पर कीटनाशक की बिक्री प्रतिबंधित की गई है। भोगांव कस्बे में बुधवार को उपकृषि निदेशक डीवी सिंह के नेतृत्व में आधा दर्जन से अधिक की दुकानों का निरीक्षण किया गया। कुछ दुकानों पर एक्सपायरी डेट की दवाएं मिलने पर हिदायत दी गई। पांच दुकानों पर बेची जा रही दवाओं के सैंपल लिए गए। उपकृषि निदेशक ने बताया कि निरीक्षण प्रदेश सरकार के निर्देश पर किया गया है। जिन दवाओं के सैंपल भरे गए हैं उन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।