मथुरा। थाना बलदेव के गांव इंद्रावली के किसान तेजपाल की हत्या उसकी पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर कराई थी। 18 दिन पूर्व इंद्रावली में युवक की हत्या में शामिल उसकी पत्नी और पत्नी के प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयोग किया गया तमंचा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
थाना बलदेव के गांव इंद्रावली के किसान तेजपाल सिंह (28) पुत्र शिवचरण सिंह की तीन फरवरी की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई जगवीर सिंह ने अज्ञातों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। सीओ महावन आलोक दुबे ने बताया कि थाना बलदेव प्रभारी सूरज प्रकाश ने मृतक की पत्नी रेखा और उसके प्रेमी धर्मेंद्र को पकड़ा है।
इनके कब्जे से एक तमंचा भी बरामद किया है। उन्होंने बताया कि प्रेम में बाधा बन रहे पति को हटाने के लिए पत्नी ने प्रेमी के संग इस वारदात को अंजाम दिया था। तीन फरवरी की रात पड़ोस में रहने वाले प्रेमी को बुलाकर सो रहे पति की गोली मारकर हत्या कराई थी। खुलासा करने वाली टीम को एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने पुरस्कृत किया है।