नौहझील (मथुरा)। जिले में लूट की वारदातों का खुलासा न होने पर पुलिस कप्तान ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। कप्तान ने एक चौकी प्रभारी और एक सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, वहीं छह थाना प्रभारियों को चेतावनी तक दे डाली है। कप्तान के तेवर देख पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।
जनपद में हुई लूट की वारदातों के खुलासे में देरी पर एसएसपी स्वप्निल ममगाई के कड़े रुख को देख पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। नौहझील में लूट की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही, जो हुई है उनका खुलासा नहीं हो सका। एसएसपी ने शनिवार की देररात कस्बा नौहझील चौकी प्रभारी सुनील शर्मा और सिपाही भरत शर्मा को लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया।
एसएसपी ने छह थाना प्रभारियों को चेतावनी दी है कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में हुई लूट का जल्द खुलासा करें। ऐसा न करने वाले थाना प्रभारी भी नपने से बच नहीं सकेंगे। एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने बताया कि लूट की वारदातों का खुलासा न होने पर थाना प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई करके उचित कदम उठाया जाएगा।