मथुरा। विद्या भारती की अखिल भारतीय हॉकी एवं टारगेट बॉल प्रतियोगिताओं के मैचों ने रोमांचित कर दिया। श्रीजी बाबा सरस्वती विद्या मंदिर के खेल के मैदान में आयोजित बालक हॉकी में पश्चिम उत्तर प्रदेश से मथुरा, बालिकाओं में दक्षिण क्षेत्र से तमिलनाडु की टीम विजेता रहीं। टारगेट बॉल में मध्य क्षेत्र का दबदबा रहा। हॉकी में पश्चिम उत्तर प्रदेश (मथुरा) बालक अंडर 19, अंडर 17, दक्षिण क्षेत्र (तमिलनाडु) बालिका अंडर 19, दक्षिण क्षेत्र अंडर 17 और दक्षिण क्षेत्र अंडर 14 तीनों वर्गों में तमिलनाडु की टीम अव्वल रही। उधर, टारगेट बॉल में बालिका टीम अंडर 19 और अंडर 17 में मध्य प्रदेश (भोपाल) को वॉक ओवर का लाभ देकर विजेता घोषित किया गया। अंडर 19 बालक में पश्चिम उत्तर प्रदेश की टीम विजयी रही। सोमवार सुबह पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान की टीमों ने भी अपने वर्ग में मुकाबला किया लेकिन उन्हें सफलता हासिल न हो सकी। प्रतियोगिताओं में निर्णायक मंडल का नेतृत्व राहुल सोलंकी, पदम सिंह, हरेश कुमार सिंह और प्रेमशंकर ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम, प्रांत संगठन मंत्री हरीशंकर, क्षेत्र निरीक्षक हरीबाबू वार्ष्णेय, डा. अजय शर्मा, विद्या भारती के चन्द्रभान गुप्त, डा. रोशनलाल, वीरेन्द्र बंसल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, डा. राकेश चतुर्वेदी, संयोजक भूपेन्द्र सारस्वत, विजय यादव, राजवीर सिंह, केके मिश्रा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।