सुरीर/मांट (मथुरा)। सुरीर के राया-नौहझील मार्ग पर हरनौल मोड़ के समीप वाहन का इंतजार कर रहे दो भाइयों को ऑल्टो कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। कस्बा मांट निवासी बाबूलाल के बेटे नानकचंद (22) और कन्हैया (20) हरियाणा के पलवल में सटरिंग का काम करते हैं। शनिवार शाम दोनों भाई पलवल से अपने घर आ रहे थे। कोतवाली सुरीर के राया-नौहझील मार्ग पर गांव हरनौल मोड़ के समीप दोनों भाई सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार करने लगे। मांट की तरफ से आ रही कार ने दोनों भाइयों को रौंद दिया। राहगीर दौड़े तो कार चालक मौका पाकर भाग खड़ा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस गंभीर रूप से घायल हुए दोनों भाइयों को मांट सीएचसी पर ले गई, जहां चिकित्सकों ने नानकचंद को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घायल कन्हैया को वृंदावन के सौ शैय्या अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के पिता बाबूलाल ने कार चालक के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कराया है। उधर, शनिवार की देर सायं हाईवे पर नयति अस्पताल के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार सूर्य नगर निवासी योगेश (20) पुत्र मान सिंह की मौत हो गई। वृंदावन पुलिस ने पंचनामा भरकर बिना पोस्टमार्टम के योगेश के परिजनों को शव सौंप दिया।