राया (मथुरा)। महाबाघेश्वरी देवी 18 मार्च को रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगी। इसी के साथ गोपाल बाग में 68वां नवदुर्गा मेला प्रारंभ हो जाएगा। मेला में भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। मेला कमेटी ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
रथयात्रा मांट रोड, हाथरस रोड, कटरा बाजार, रेतिया बाजार होती हुई मंदिर पर पहुंचेगी। इसी के साथ गोपालबाग में देवी मेला शुरू हो जाएगा। माता महाबाघेश्वरी देवी के लिए यह रथ 70 वर्ष पूर्व उच्चकोटि के कारीगरों से तैयार कराया गया था। स्व. लाला मदन लाल अग्रवाल की प्रेरणा से मेला आरंभ हुआ।
गोपाल बाग में महाबाघेश्वरी देवी के अलवा, काली माता, दाऊजी, रेवती माता, हनुमान जी, परशुराम आदि की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित हैं। मेला कमेटी के अध्यक्ष हरीबाबू अग्रवाल, मंत्री राजकुमार, कोषाध्यक्ष अनिल गर्ग, मेला प्रभारी यतेंद्र गर्ग आदि ने मेला को सफल बनाने की अपील की है। सीओ आलोक दुबे ने बताया कि मेला में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फोर्स तैनात रहेगा।