राया (मथुरा)। सोमवार की दोपहर को मथुरा-कासगंज रेल मार्ग पर राया रेलवे स्टेशन से आगे रेलवे लाइन पर सिग्नल की क्रासिंग में गिट्टी फंस जाने से कासगंज मथुरा पैसेंजर एक घंटे तक राया स्टेशन पर खड़ी रही। बाद में पेट्रोलिंग टीम ने किसी तरह से गिट्टी निकाली तब कहीं सिग्नल ग्रीन हो सका। सोमवार दोपहर 2:45 बजे कासगंज से मथुरा जा रही पैसेंजर ट्रेन राया रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन को स्टेशन मास्टर ने मथुरा को रवाना करने के लिए सिग्नल दिया तो सिग्नल ग्रीन नहीं हुआ। बार-बार प्रयास करने पर सिग्नल लाल बना रहा। इस पर रेलवे की पेट्रोलिंग यूनिट स्टेशन से एक किलोमीटर दूर सिग्नल क्रॉसर तक लाइन चेक करते हुए पहुंची तो मनकामेश्वरी इंटर कालेज के पास क्रासिंग लाइन पर लगी कैंची में गिट्टी फंसी मिली। टीम के लोगों ने फंसी हुई गिट्टी को निकाला और सिगभनल ग्रीन हो सका। स्टेशन मास्टर ने ट्रेन को मथुरा रवाना किया। गिट्टी निकालने को लेकर ट्रेन एक घंटा राया स्टेशन पर खड़ी रही। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बताते चलें 27 अक्तूबर को भी राया रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट कासगंज पैसेंजर ट्रेन का इंजन फेल हो गया था। स्टेशन मास्टर मान सिंह मीना ने बताया कि पटरी की कैंची में गिट्टी फंसने से ट्रेन खड़ी रही थी।