कासगंज। गांव कल्यानपुर में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी 12 महिलाएं टॉयलेट क्लीनर तैयार करके अपनी किस्मत चमका रही हैं। ममता पाल ने वर्ष 2020 में जय मां लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह का गठन किया। यह समूह अब 77 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय के लिए क्लीनिंग किट सप्लाई कर रहा है। गांव कल्यानपुर निवासी ममता पाल पहले आम महिलाओं की तरह घर में चूल्हा-रसोई की जिम्मेदारी तक सीमित थी। फिर वर्ष 2020 में उन्होंने जय मां लक्ष्मी के नाम से स्वयं सहायता समूह का गठन किया। उने सचिव विनती व अन्य महिला सदस्यों के सहयोग से समय-समय पर बैठकों का आयोजन कर समूह की रूपरेखा उन्हें समझाई। समूह के सदस्यों ने छोटी-छोटी बचत कर उसे बैंक खाते में जमा किया। विकास खंड में तैनात सहायक विकास अधिकारी आईएसबी राजेश किंग और ब्लॉक मिशन प्रबंधक रानी बेगम ने उन्हें टॉयलेट क्लीनर बनाने के बारे में समझाया। कार्य की शुरुआत करने के लिए बैंक ने उन्हें कम्यूनिटी इंवेस्टमेंट फंड (सीआईएफ) के रूप में 1.10 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई। बैंक से धनराशि मिलने के बाद उन्होंने मशीनों व उपकरण की खरीद की। इसके बाद समूह के सदस्यों ने गांव में टॉयलेट क्लीनर बनाने का काम शुरू किया। घर के कामकाज निपटाने के बाद सभी महिलाएं इस काम में जुट जाती हैं। इसके बाद टॉयलेट क्लीनर किट तैयार करती हैं। इसे विकास खंड की 77 ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय की साफ-सफाई के लिए भेजा जाता है। इससे गांव में बने सामुदायिक शौचालय में भी इस्तेमाल किया जा रहा है। टॉयलेट क्लीनर किट में 13 आइटम शामिल हैं। इसके लिए ग्राम पंचायतें 1500 रुपये क्लीनर किट के भुगतान कर रहीं हैं। अध्यक्ष ममता पाल ने बताया कि समूह में 12 सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि समूह की सदस्य अपने घरों के काम-काज को खत्म करने के बाद एकत्रित होकर साथ में करतीं हैं। विभाग के सहयोग से बैंक ने समूह को सीसीएल (कैश क्रेडिट लिमिट) की सुविधा प्रदान की है।