दूध, मावा और रसगुल्ला सहित लिए गए 12 नमूने संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। सोमवार को सहायक आयुक्त खाद्य मैनपुरी डॉ. टीआर रावत द्वारा गठित टीम ने जिले के अलग-अलग स्थानों पर छापा मार कार्रवाई की। इस दौरान अलग-अलग दुकानों से दूध, खोया, छैना, रसगुल्ला आदि के नमूने लिए गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मैनपुरी के नेतृत्व में सोमवार को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य उपलब्ध कराने के लिए मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध एक अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत ज्योति रोड पर बलवीर सिंह से मिश्रित दूध का एक नमूना, मुकेश से गाय के दूध का एक नमूना, नरेंद्र से मिश्रित दूध का एक नमून संग्रहित किया गया। किशनी चौराहा करहल स्थित स्वदेश की दुकान से पैक्ड सेवई का नमूना, नीतू किराना स्टोर से सरसों के तेल का नमूना संग्रहित किया गया। 28 लीटर सरसों का तेल सीज करके विक्रेता की अभिरक्षा में दिया गया। शिवम की दुकान से वर्कदार बर्फी का नमूना, राशिद खान की दुकान से बूंदी के लड्डू का एक नमूना संग्रहित किया गया। प्रमोद की दुकान से छेना रसगुल्ला का नमूना, करहल थाने के पास स्थित खोया निर्माता शिवदत्त से खोया का एक नमूना संग्रहित किया। समान कटरा स्थित श्याम सिंह की दुकान से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। किशनी स्थित बंटू किराना स्टोर से पैक्ड नमकीन का नमूना संग्रहित किया गया। जांच टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके पाठक के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके वर्मा, प्रदीप कुमार, सनोज कुमार,राजीव कुमार तथा सुरक्षाकर्मी शामिल रहे।