आगरा। जिले की तीन खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश की सीनियर महिला क्रिकेट टीम में जगह बनाई है। क्षमा सिंह, तनु काला, राशि कनौजिया के बढ़िया प्रदर्शन को देखते हुए सीनियर टीम में जगह दी गई है। तीनों खिलाड़ी प्रदेश की अंडर-19 क्रिकेट टीम में भी हैं। उत्तर प्रदेश की महिला क्रिकेट टीम में आगरा की खिलाड़ियों का बोलबाला है। खिलाड़ी अपने प्रदर्शन का लोहा मनवा रही हैं। भारतीय टीम की सदस्य पूनम यादव, दीप्ति शर्मा और पूर्व क्रिकेटर हेमलता काला से महिला खिलाड़ियों को मोटिवेशन मिल रहा है। उत्तर प्रदेश की सीनियर महिला क्रिकेट टीम में आगरा के मैदानों पर अभ्यास करने वाली छह खिलाड़ियों का चयन किया गया है। दिल्ली की शशि माथुर, रेलवे में तैनात झांसी की विश्व मोहनी और बुलंदशहर नीतू सिंह भी आगरा के मैदानाें पर अभ्यास करती हैं। शशि और नीतू सिंह स्टार नेक्स्ट एकेडमी में अभ्यास करती हैं। वहीं विश्व मोहनी एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। ये खिलाड़ी बड़ोदरा, गुजरात में हो रही राष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रदेश की टीम का हिस्सा हैं।