किशनी। सीमा पर देश की सुरक्षा में तैनात कस्बा निवासी एक सैनिक से जमीन दिलाने के नाम पर 11.80 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।नगर पंचायत कुसमरा निवासी रॉकी सिंह भारतीय सेना में कायर्रत है। वर्तमान में उनकी तैनाती लेह लद्दाख में है। बताया कि अगस्त 2020 में उनकी मुलाकात झांसी के गांव शेषा निवासी राहुल से हुई थी, जो रिश्ते में उनका बहनोई लगता है। राहुल के साथ उसका दोस्त अभिलाख तिवारी, संजय सिंह और अनिल कुमार भी मिले। तीनों ने कहा कि वह झांसी में ऑन रोड काफी सस्ती जमीन दिला सकते हैं। सैनिक उनकी बातों में आ गया। इसके बाद रॉकी ने उनके खाते में 11.80 लाख रुपये डाले। कई बार उन्हें लद्दाख से बुलाया गया, लेकिन जमीन नहीं दिलाई गई। अभिलाख तिवारी के घर गया तो पता चला कि उसका परिवार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त है। अभिलाख और राहुल से जब रुपये वापस लौटाने के लिए कहा तो आरोपियों ने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।