सीएचसी गोधना पर निरीक्षण करते सीएमओ।
घिरोर। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने सोमवार को सीएचसी गोधना घिरोर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय सीएमओ को दो महिला डॉक्टर सहित 11 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। केंद्र पर दो स्टाफ नर्स हस्ताक्षर कर गायब थीं, जबकि एक कर्मचारी ने फोन नहीं उठाया। इस पर सीएमओ ने संबंधितों का अगस्त का वेतन रोकते हुए छह महीने के कार्य की रिपोर्ट चिकित्साधीक्षक से मांगी है।
सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता सोमवार को पौने 12 बजे सीएचसी गोधना पहुंचे। चिकित्साधीक्षक प्रवीन कुमार केंद्र पर देरी से पहुंचे। सीएमओ ने उन्हें अपने समय में सुधार की चेतावनी दी। सीएमओ को निरीक्षण के दौरान अस्पताल में तैनात डाॅ. अपराजिता सिंह, डॉ. पूजा अनिल हजारे, विपिन कुमार, सुनील पाल, आकाश भदौरिया, शुभम अग्निहोत्री, नीरज सक्सेना, कमलेश त्रिपाठी, स्टाफ नर्स अंजू, आरती अनुपस्थित मिलीं। अंजू और आरती के निरीक्षण के दिन के हस्ताक्षर थे। सीएमओ ने उनके बारे में पता लगाया तो वे कहीं क्षेत्र में भी नहीं थी। सीएमओ ने अनुपस्थित स्टाफ से तीन दिन में स्पष्टीकरण लेते हुए तीन दिन में जानकारी उपलब्ध कराएं।
सीएमओ ने हस्ताक्षर कर गायब रहने वाली दोनों स्टाफ नर्स और फोन न उठाने वाले कर्मचारी कमलेश त्रिपाठी का अगस्त का वेतन रोकने के आदेश दिए। स्टाफ नर्स और कर्मचारी कमलेश के पिछले छह महीने के कार्य की रिपोर्ट चिकित्साधीक्षक से मांगी है। सीएमओ ने निर्देश दिए कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।