मथुरा। 90 हजार करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही साउथ कोरिया की कंपनी वर्ल्ड वेस्ट टेक लिमिटेड सियोल मथुरा में उद्योग स्थापित करने की संभावना तलाश रही है। कंपनी की योजना कोरियन तकनीक से 300 मेगावाट का गैस आधारित बिजलीघर और गैस आधारित कोल्ड चैन बनाना है। कंपनी प्रतिनिधियों ने मथुरा में मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की।
लखनऊ में यूपी इन्वेस्टर्स समिट में एमओयू साइन करने वाली कोरियन कंपनी के चेयरमैन केके किम, सियोल के चीफ टाउन प्लानर डॉ. जुहो अहन, महाराष्ट्रृ के उद्योगपति वीके तिवारी पिछले कई दिनों से मथुरा में हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसकी जानकारी होने पर उन्होंने होली कार्यक्रम में मथुरा प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल को बुलाकर वेटरनेरी विवि गेस्ट हाउस में वार्ता की। इस दौरान कंपनी प्रतिनिधियों ने अपनी प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी पेश की। मुख्यमंत्री को बताया कि गैस से जो बिजलीघर बनेगा, उसमें बड़ी मात्रा में गैस से उत्पन्न होने वाला कचरा बचेगा। उसे पाइप से सप्लाई कर एक मशीन के जरिए ऐसी कोल्ड चैन बना दी जाएगी जिससे शून्य से नीचे तापमान हो जाएगा।
ये कोल्ड चैन छोटे कोल्ड स्टोरेज के रूप में होगा। इस तकनीक से कोल्ड स्टोरेज भंडारण व्यय पांच गुना कम हो जाएगा। इसके लिए राया रोड के राधे कोल्ड स्टोरेज को भी देखा है। चेयरमैन किम ने बताया कि कंपनी मथुरा या यूपी में किसी दूसरे स्थान पर बड़ा फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर, मेगा फूड पार्क बनाने को तैयार है। इस दौरान प्रमुख सचिव पर्यटन अवनीश अवस्थी, जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र, एसएसपी ममगाई आदि मौजूद रहे।