दन्नाहार। घिरोर विकास खंड के 140 स्कूलों में बिजली कनेक्शन की व्यवस्था नहीं है। विभागीय आदेश के बाद सौ से अधिक स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने बिजली विभाग के झटपट पोर्टल पर कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। बिजली विभाग ने इन आवेदनों को निरस्त कर दिया है।
कायाकल्प के तहत परिषदीय स्कूलों में तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्कूलों पर बिजली कनेक्शन न होने के कारण यहां के बच्चों को तकनीकी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। दूसरी तरफ बच्चे गर्मी की दिक्कत से भी जूझ रहे हैं। विभागीय अधिकारियों के आदेश पर प्रधानाध्यापकों ने बिजली विभाग के झटपट पोर्टल पर कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। लेकिन बिजली विभाग ने पोर्टल पर किए इन आवेदनों को निरस्त कर दिया है। ऐसे में स्कूलों के कनेक्शन न होने से कायाकल्प से संबधित कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं। सभी स्कूलों पर सबमर्सिबल की व्यवस्था की गई है जो भी संचालित नहीं हो पा रही है। बच्चों को पानी के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
पोर्टल पर कनेक्शन निरस्त होने की जानकारी नहीं है। यदि किसी विद्यालय के प्रधानाध्यापक या प्रबंधक का शिकायती पत्र मिलता है तो समस्या का निराकरण कराया जाएगा।
- अतुल अग्रवाल अधीक्षण अभियंता।