सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर चिपकाना श्योर सक्सेज कोचिंग संचालक को महंगा पड़ा।
सूचना पर पहुंची नगर निगम प्रचार विभाग की टीम ने पोस्टर जब्त करते हुए कोचिंग मालिक के खिलाफ हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
वहीं, दर्जनभर विज्ञापन एजेंसियों को अवैध विज्ञापन पट लगाए जाने का मामले में काली सूची में डालने को नोटिस जारी किया है।
प्रभारी अधिकारी प्रचार अजीत कुमार सिंह के मुताबिक पकड़े गए कर्मचारी ने बताया कि श्योर सक्सेज कोचिंग के मालिक अजय पांडेय पोस्टर लगवा रहे थे।
मालूम हो कि पहले भी सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर चिपकाने के मामले में तीन कोचिंग संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है।
करीब दर्जनभर विज्ञापन एजेंसियों को अवैध विज्ञापन पट लगाए जाने के मामले में काली सूची में डालने की नोटिस जारी की गई है।
पिछले माह अवैध होर्डिंग के खिलाफ चलाए गए अभियान में 100 से अधिक होर्डिंग हटाई गईं। यह नगर निगम द्वारा अधिकृत स्थलों के अलावा लगी थीं।
प्रभारी अधिकारी प्रचार ने कहा कि विज्ञापन एजेंसियों को नोटिस जारी किया गया है। अवैध होर्डिंग लगाने वालों से होर्डिंग हटाने का खर्च और प्रचार शुल्क भी जमा कराया जाएगा। इसकी गणना कर ली गई है।