लखनऊ। कई शैक्षिक संस्थानों में प्रशिक्षण और सरकारी नौकरियों में आवेदन के साथ एक्सरे की अनिवार्यता ने मरीजों का दर्द बढ़ा दिया है। बलरामपुर अस्पताल में सोमवार को एक्सरे के लिए काफी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचने से मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ा। दोपहर बाद तक मरीजों के एक्सरे नहीं हो सके तो अस्पताल प्रशासन ने कर्मचारियों को शाम छह बजे तक एक्सरे करने के निर्देश दिए। बलरामपुर अस्पताल में सोमवार सुबह से ही एक्सरे कराने के लिए अभ्यर्थियों की भीड़ लग गई। इन अभ्यर्थियों में कुछ के प्रवेश फार्म के संग एक्सरे रिपोर्ट लगानी थी तो कई सरकारी विभाग में आवेदन करने के लिए एक्सरे कराने आए थे। अभ्यर्थियों की संख्या इतनी थी कि मरीजों को लाइन में लगकर घंटों इंतजार करना पड़ा। कई मरीजों की तो हालत बिगड़ने लगी। इसकी जानकारी अस्पताल प्रशासन को मिली तो उन्होंने व्यवस्था दुरुस्त कराई और भीड़ को देखते हुए सीएमएस ने कर्मचारियों को शाम छह बजे तक एक्सरे करने के आदेश दिए। वहीं, इस अव्यवस्था से परेशान अस्पताल अधिकारियों का कहना है कि आवेदन से पहले एक्सरे के आदेश से अस्पतालों में चिकित्सीय कार्य प्रभावित होंगे। मरीज हित में इन अभ्यर्थियों की एक्सरे व्यवस्था अतिरिक्त काउंटर से करानी चाहिए। अस्पताल में वैसे भी एक्सरे करने वाले टेक्नीशियनों की कमी है।