लखनऊ। हसनगंज क्षेत्र में शरारती तत्वों ने शुक्रवार देर रात नदवा कॉलेज के गेट पर सुतली बम फेंक दिया। धमाके से इलाका में हड़कंप मच गया। हमले में मामूली रुप से घायल कॉलेज के चौकीदार ने जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंचे एसपी ट्रांसगोमती व सीओ महानगर ने धमाके को माहौल खराब करने वाली शरारत बताते हुए जांच शुरू कर दी है। नदवा कॉलेज के हाफिज अब्दुल मुईद ने बताया कि बंधा मार्ग से गुजरे अज्ञात व्यक्तियों ने रात 11:35 बजे कॉलेज के गेट पर सुतली बम फेंका। इसमें गेट के पास ड्यूटी दे रहा चौकीदार जमील अख्तर छर्रा लगने से मामूली रूप से घायल हो गया। धमाके की आवाज सुनकर कॉलेज में मौजूद छात्र व अन्य लोग गेट की तरफ दौड़े। रास्ते से गुजर रहे राजेश यादव नामक व्यक्ति ने बंधा रोड से कुछ लोगों द्वारा बम फेंकने की जानकारी दी। इस पर छात्रों ने पीछा किया लेकिन हमलावर फरार हो चुके थे। हाफिज अब्दुल मुईद ने एसपी ट्रांसगोमती हबीबुल हसन को फोन किया। इसके बाद प्रमुख सचिव गृह को हमले की जानकारी दी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का मोबाइल नंबर डायल किया। कॉल रिसीव न होने पर एसएमएस किया। इसके साथ डीएम अनुराग यादव को भी सूचना दी। थोड़ी देर में एसपी ट्रांसगोमती व सीओ महानगर राजेश श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने के इरादे से सुतली बम फेंका था। मामले की जांच के साथ शरारती तत्वों की तलाश की जा रही है। नदवा कॉलेज के गेट के पास पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के साथ गश्त बढ़ा दी गई है।