लखनऊ। एसएसपी ने चुनौती बनी लूट की 12 वारदात के खुलासे के लिए शुक्रवार दोपहर क्षेत्राधिकारियों को कसा ही था कि रात में दुस्साहसी बदमाशों ने एक और वारदात अंजाम दे डाली। बाइक सवार दो बदमाशों ने जानकीपुरम में बैंककर्मी की कनपटी से सरेराह तमंचा सटाया और बैग व मोबाइल लूट ले गए। पुलिस के मुताबिक, भारतीय स्टेट बैंक की हजरतगंज शाखा में ऋण का कार्य देखने वाले संजीव कुमार दीक्षित शुक्रवार रात 8:45 बजे जानकीपुरम के सेक्टर-4 स्थित घर जा रहे थे। घर से थोड़ी ही दूर पर पीछे से आ रही मोटरसाइकिल ने ओवरटेक करके रोका। बाइक की पिछली सीट से उतरे बदमाश ने उनकी कनपटी से तमंचा सटा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए दो सेलफोन व बैग लूटकर भाग निकले। बैग में डेढ़ हजार रुपये, एटीएम कार्ड व अन्य सामान था। लुटेरों के भाग निकलने के थोड़ी देर बाद संजीव ने हिम्मत जुटाकर शोर मचाया। एक राहगीर के सेलफोन से पुलिस कंट्रोलरूम फोन करके वारदात की सूचना दी। थोड़ी देर में जानकीपुरम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। संजीव से बदमाशों का हुलिया मालूम करके इलाके में घेराबंदी कराई लेकिन, दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने वाले लुटेरों का सुराग नहीं लगा। संजीव का कहना है कि दहशत के चलते वह लुटेरों की बाइक की नंबर प्लेट नहीं देख सके थे। मौके पर पहुंचे अफसरों ने वारदात के समय इलाके में गश्त व पिकेट ड्यूटियों की जानकारी की और संबंधित पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत दी है।