लखनऊ। गाजीपुर के लेखराज खजाना स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने मंगलवार दोपहर स्कॉर्पियो सवार टप्पेबाजों ने बैंक से रुपए निकाल कर जा रहे एक सेल्समैन को ड्रग्स सप्लायर बताकर 50 हजार रुपए उड़ा दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एसओ गाजीपुर के मुताबिक, मानकनगर के बलदेवखेड़ा निवासी विजय कुमार महानगर चौराहा स्थित सरस्वती स्टील में सेल्समैन है। विजय ने बताया कि वह दोपहर को एचडीएफसी बैंक से एक लाख रुपए निकाल कर जैसे ही निकला। बाहर एक व्यक्ति ने उसे रोक लिया और ड्रग्स सप्लायर बता साहब से मिलने की बात कही। उसने एक काली स्कॉर्पियो के पास खड़े आदमी की ओर इशारा किया। इस पर विजय के होश उड़ गए। वह बिना सोचे समझे अजनबी के साथ चल दिया, जहां स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने बैग की तलाशी के लिए कहा। विजय ने बैग आगे बढ़ा दिया। दोनों ने बैग की जांच की और वापस कर दिया और स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार हो गए। थोड़ी देर बाद विजय ने थैला देखा तो उसमें रखे एक लाख से 50 हजार रुपए गायब थे।