लखनऊ। शहर में एलडीए स्तर पर अनुरक्षित पार्कों व सामुदायिक केंद्रों के रखरखाव का जिम्मा अब अलग अनुभाग संभालेगा। प्राधिकरण उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने पार्कों के रखरखाव कार्य में गुणवत्तायुक्त तेजी लाने के लिए उद्यान एवं सामुदायिक सेवा अनुभाग के गठन का निर्देश जारी किया है। इसके माध्यम से प्राधिकरण द्वारा अनुरक्षित नजूल पार्कों एवं आवासीय योजनाओं में विकसित पार्कों के साथ विभिन्न सामुदायिक केंद्रों के अनुरक्षण व रखरखाव का कार्य कराया जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष की तरफ से जारी निर्देश के अनुसार नये गठित अनुभाग में श्रेणीवार स्तर पर रखरखाव का निर्धारण होगा। इसके तहत पहली श्रेणी में प्राधिकरण के सभी नजूल पार्क और दूसरी श्रेणी में विभिन्न योजनाओं में विकसित एवं प्राधिकरण द्वारा अनुरक्षित पार्क शामिल होंगे। तीसरी श्रेणी में प्राधिकरण के सामुदायिक केंद्र एवं लॉन और चौथी श्रेणी में प्राधिकरण के सभी बाकी बचे पार्कों एवं सामुदायिक केंद्रों के साथ वाहन स्टैंडों के ठेकों से संबंधित कार्यों को शामिल किया गया है। नव गठित अनुभाग के लिए फिलहाल अधिशासी अभियंता योगेश पाठक की अगुवाई में सात सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। इसमें सहायक अभियंता रोहित खन्ना, आरपी यादव, अवर अभियंता नवीन शर्मा, पारसनाथ, अजय कुमार सिंह, मुकेश कपूर एवं वीपी सिंह रैकवार को तैनात किया गया है। इनमें अवर अभियंताओं की तैनाती पूर्णकालिक तौर पर रहेगी। इस अनुभाग के क्रियाशील होने के बाद प्राधिकरण से जुड़े सामुदायिक केंद्रों की बुकिंग इंटरनेट के माध्यम से कराई जा सकेगी।