फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आग का गोला बनी कार, ड्राइवर जिंदा जला

Sat, 29 Dec 2012 05:30 AM IST
Lucknow
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। इटौंजा क्षेत्र में शुक्रवार शाम सीतापुर की तरफ जा रही मारुति कार में ओवरब्रिज पर चढ़ते ही धमाका हुआ। इसके साथ ही आग लग गई। लपटों से घिरी कार करीब तीन सौ मीटर बाद रुकी। बुरी तरह झुलसे ड्राइवर ने दरवाजा खोला और सड़क पर ही गिर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग बुझाई। कार के नंबर के आधार पर ड्राइवर की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम सवा पांच बजे सीतापुर की तरफ जा रही एक मारुति कार इटौंजा में पेट्रोल पंप के सामने से गुजरते हुए ओवरब्रिज की तरफ बढ़ी थी कि कार में तेज धमाका हुआ। दुकानदारों व राहगीरों ने कार में लपटें उठती देखीं तो शोर मचाते हुए दौड़े। ओवरब्रिज पर चढ़ी तेज रफ्तार कार आग का गोला बनने के बाद भी तीन सौ मीटर तक दौड़ती रही। इसके बाद ब्रेक लगने के साथ कार का अगला दाहिना दरवाजा खुला और बुरी तरह झुलसा ड्राइवर सड़क पर लुढ़क गया। लोग उसे बचाने दौड़े लेकिन कार में गैस सिलेंडर की आशंका के चलते नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। इस बीच दुकानदारों ने पुलिस व दमकल दस्ते को फोन करके हादसे की जानकारी दी। बीकेटी अग्निशमन केंद्र से फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाई। इस बीच कार पूरी तरह जल चुकी थी और बुरी तरह झुलसी हालत में सड़क पर गिरा चालक दम तोड़ चुका था। पुलिस कार नंबर (यूपी 32 एए/1514) के आधार पर शव की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। एसओ इटौंजा विनोद कुमार यादव ने बताया कि कार के साथ उसमें रखे कागजात भी जल गए। बुरी तरह झुलसे ड्राइवर के कपड़े जले होने के कारण कोई ऐसी वस्तु या दस्तावेज नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। कार कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे की वजह का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों को बुलाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें